बिजली कटौती के खिलाफ गुस्सा, किया प्रदर्शन
अंधाधुंध बिजली कटौती के खिलाफ सोमवार को विद्युत उपकेंद्र पहुंचे सभासदों संग नागरिकों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वहां मिले टाउन एसडीओ, यादवेंद्र सिंह यादव को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि रात्रिकालीन मनमानी कटौती पर लगाम न लगी तो विभाग के दफ्तर पर तालाबंदी कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
गत एक सप्ताह से नगर की बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। आधी रात एक बजे से भोर में चार बजे तक लगातार कटौती से लोगों की नींद पूरी नहीं हो रही है। स्कूली छात्रों, गरीब मजदूरों सहित महिला और मासूम बच्चे सब गर्मी से बेहाल हैं। मच्छरों ने नींद हराम कर रखा है, वह अलग। विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचे सभासद दानिश सिद्दीकी ने कहा कि चुप रहने से दिन में भी मनमानी कटौती शुरू हो गई है।
इससे जो समस्या हो रही है वह अधिकारी नहीं समझ सकते। सभासद हसीब खां और शाहिद एकराम ने कहा कि कालीन नगरी में गरीबों मेहनतकशो की आबादी अधिक है। दिन में काम के बाद रात को कटौती से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।सभासदों के साथ पंहुचे नागरिकों ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर अपने गुस्से का इजहार किया। चेतावनी दी कि कटौती पर रोक नहीं लगी तो विभाग पर तालाबंदी की जाएगी।
इस दौरान लोगों से ज्ञापन लेकर एसडीओ ने लोगों को बताया कि जो कटौती हो रही है, वह शक्ति भवन से हो रही है जिसकी उन्हें भी जानकारी नहीं होती। प्रदर्शन करने पहुंचे लोगों में दीपचंद्र साहू, सुहेल खां, रेहान अहमद, मो.कहफ, शाहबाबू खां, सैयद शम्स, जाहिद सिद्दीकी, बबलू खां, अमजद खां, रिंकू सिद्दीकी आदि उपस्थित रहे।