जिले में 500 मीटर की परिधि वाले आंगनबाड़ी केंद्रों को परिषदीय विद्यालयों से जोड़ा जाएगा। निदेशालय के निर्देश पर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने इसकी मैपिंग शुरू कर दी है। 1492 आंगनबाड़ी केंद्रो में 1252 स्कूलों से जुड़ गए हैं। करीब 250 केंद्रो को जोड़ने की मुहिम शुरू हो गई है। जिससे वहां पढ़ने वाले बच्चों को पका भोजन मिल सकेगा।
जिले में 885 परिषदीय विद्यालय और 1492 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। अभी तक 200 मीटर की परिधि में आने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में ही संचालित किया जाता। जिससे बच्चों को जरूरी सुविधाएं मिलती थी। अब बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार निदेशालय एवं महानिदेशक स्कूली शिक्षा ने इसे लेकर संयुक्त आदेश जारी किया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश मिश्र ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों को निकटतम विद्यालयों से मैप करके जोड़ने के निर्देश शासन ने दिए हैं। 500 मीटर परिधि में आने वाले केंद्रो को विद्यालय से जोड़ा जाएगा।