एमसीएच विंग के आईसीयू का निरीक्षण करते एनएचएम के अधिकारी। स्रोत- संवाद
भदोही। नगर के राजकीय महाराजा बलवंत सिंह चिकित्सालय परिसर में वर्षों से बनकर तैयार 100 शैय्या मातृ-शिशु विंग के संचालन की उम्मीद जग गई है। बृहस्पतिवार को लखनऊ से आई राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की टीम ने दिन भर अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम के लोगों ने विभिन्न बिंदुओं पर गहन निरीक्षण किया। इस दौरान वहां उपस्थित हेरिटेज समूह के प्रबंधन के लोगों से आवश्यक जानकारी ली। निरीक्षण को लेकर अधिकारियों ने कुछ भी बताने से इन्कार किया। कहा कि लखनऊ लौट कर वे शासन को अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे।
नगर के स्टेशन रोड स्थित राजकीय अस्पताल परिसर में वर्ष 2018 में 25 करोड़ की लागत से 100 शैय्या एमसीएच विंग का निर्माण पूरा हो गया था। लेकिन किसी न किसी कारण इसका संचालन बाधित होता रहा। इस बीच वर्ष 2020 में कोविड महामारी में कोविड हास्पिटल के रूप में इसका इस्तेमाल हुआ था, लेकिन इसके बाद से अस्पताल का ढांचा खड़ा है, इसका उपयोग नहीं हो रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे एनएचएम के एक दर्जन अधिकारी लखनऊ से कार से यहां पहुंचे। पहले उन्होंने अपनी एक बैठक की। इसके बाद अस्पताल का निरीक्षण शुरू किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन के लोगों के अलावा एमबीएस अस्पताल के सीएमएस डा.आरआर मौर्या भी रहे।