शुक्रवार को मुंबई से पूर्वांचल के लिए बस को रवाना करते राजेश यादव।
- फोटो : BHADOHI
भदोही। सुपर स्टार अमिताभ बच्चन ने भदोही, गोरखपुर और प्रयागराज के श्रमिकों के लिए 10 बसों की व्यवस्था कराई है। शुक्रवार को मुंबई के हाजी अली से इन बसों को उनके प्रतिनिधि राजेश यादव ने झंडी दिखाकर रवाना किया। राजेश यादव ने कहा कि मेगा स्टार का प्रयागराज से पुराना नाता है। जबकि उनकी पत्नी राज्य सभा सदस्य जया बच्चन ने भदोही को अपना नोडल जिला बनाया हुआ है।
भदोही में जया बच्चन के प्रतिनिधि रमेश चंद यादव ने बताया कि भारी संख्या में प्रवासी मजदूर मुंबई में फंसे हुए थे। इसमे भदोही जनपद के भी लोग थे। इस संबंध में श्री राजेश यादव के माध्यम से श्री बच्चन को सूचित कर उनसे व्यवस्था कराने की मांग की गई थी। बताया कि कुल दस बसों से तीन सौ श्रमिकों को शुक्रवार को वहां से रवाना किया गया है। जिसमे दो बसों में भदोही के लोग हैं। बताया कि इस पुण्य कार्य में माहिम दरगाह और हाजी अली दरगाह कमेटियों का भी सहयोग रहा। बताया कि प्रवासियों के रास्ते के खाने के अलावा उन्हें मास्क, सैनिटाइजर आदि देकर रवाना किया गया है। भदोही के लोगों ने इसके लिए श्रीमती जया बच्चन और अमिताभ बच्चन का आभार जताया है।