सदलूवीर बाजार में हो रही बरसात। संवाद
ज्ञानपुर। कालीन नगरी में मानसून की राहत भरी बारिश नहीं हो रही है। शुक्रवार को भी धूप-छाव के बीच कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई जबकि ज्यादातर जगहों पर मड़रा कर बादल चले गए। इससे न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। 27 से तापमान 28 डिग्री पहुंच गया। अगस्त के पहले सप्ताह में मौसम विभाग ने अच्छी बारिश का अनुमान जताया है। अबकी बार मानसून करीब 20 से 25 दिन विलंब से पहुंचा। अलनीनों के कारण अच्छी बारिश अभी तक नहीं हो सकी है। कभी आधे घंटे तो कभी 20 मिनट की छिटपुट बारिश को छोड़ दिया जाए तो मौसम सूखा ही सूखा बना है।
शुक्रवार को दोपहर में मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, शेष स्थानों पर बादल सिर्फ गरजते रहे और चले गए। बूंदाबांदी होने से जमीन गीली हो गई। जिले में कहीं भी अच्छी बारिश नहीं होने से किसान मायूस है। शाम तीन बजे के बाद फिर से धूप निकली। बीते एक सप्ताह से अच्छी बारिश का प्रतिसाद लोगों को नहीं मिली रही है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा, जो बृहस्पतिवार की अपेक्षा एक डिग्री अधिक रहा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में मौसम बदलने का अनुमान है। जिससे हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।