लखनऊ में अमर उजाला के सम्मान समारोह में जिले की इंटर की टापर साक्षी सिंह को सम्मानित करते परिवहन ?
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। अमर उजाला की ओर से बृहस्पतिवार को लखनऊ में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर मीडिएट के मेधावियों का सम्मान किया गया। राजधानी के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सम्मान सम्मारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेधावियों का सम्मान किया। भदोही जिले से हाईस्कूल की टॉपर यशि गुप्ता और इंटरमीडिएट की टॉपर साक्षी सिंह ने सम्मान समारोह में भाग लिया।
हाईस्कूल की टॉपर यशि गुप्ता जनपद के बीवी निकेतन इंटर कॉलेज, नईबाजार की छात्रा है। यशि ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में 93 फीसदी अंक अर्जित किए थे। सम्मान से गदगद यशि ने फोन पर बातचीत में बताया कि इतने बड़े मंच पर सम्मानित होने के बाद वह गौरवान्वित महसूस कर रही है। सीएम सहित अन्य वरिष्ठ अतिथियों की मौजूदगी में मिला सम्मान उसे आगे और बेहतर करने की प्रेरणा देगा। बताया कि अमर उजाला की ओर आयोजित यह सम्मान समारोह शानदार रहा।
इंटरमीडिएट की टॉपर साक्षी सिंह श्रीनारायण इंटर कॉलेज कोनिया की छात्रा रही हैं। उसने बोर्ड परीक्षा में 91 फीसदी अंक अर्जित कर पूरे जिले में टॉप किया। अमर उजाला की ओर से सम्मान प्राप्त करने के बाद गौरवान्वित साक्षी ने बताया कि इस तरह के सम्मान समारोह हमें और भी बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं। अमर उजाला का कार्यक्रम काफी शानदार रहा। समारोह में पूरे प्रदेश से मेधावी आए थे। उनसे मिलने के बाद कई चीजें सीखने को मिलीं। उसने अमर उजाला का आभार जताया।