भदोही। संयुक्त आयुक्त उद्योग, उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन सुधांशु तिवारी ने उप्र राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों से कहा कि अक्तूबर में होने वाले कार्पेट एक्सपो से पहले भदोही एक्सपो मार्ट में एस्केलेटर लगाए जाए। कहा मार्ट में पानी रिसने की समस्या गंभीर विषय है। देश- विदेश से यहां जुटने वाले कालीन निर्यातकों और आयातकों की उपस्थिति में पानी रिसना ठीक नहीं है। इसको भी गंभीरता से लेते हुए एक्सपो से पहले पहले ठीक कराएं।
वह शुक्रवार को मार्ट में कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) पदाधिकारियों, निर्माण निगम और जनपद के उद्योग विभाग के अधिकारियों संग समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीईपीसी ने 22 बिंदुओं पर अपनी समस्या लिख कर दी है। जिसमे से मार्ट में पानी टपकना, एस्केलटर न होना, कारगो लिफ्ट का छोटा होना, बाथरूम मे पानी ओवर फ्लो होना, युरिनल छोटा होना, दो लिफ्ट बेकार होना को उन्होंने काफी गंभीर समस्या बताया। सभी 22 बिंदुओं को अधिकारियों और उद्योग के प्रतिनिधियों संग समीक्षा करते हुए उन्होंने बहुत सी समस्याओं को आपस मिल कर ठीक करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा एस्केलटर के लिए धन अवमुक्त हो चुका है। शीघ्र काम शुरू करें ताकि मेले से पहले पूरा हो जाए। बैठक में सीईपीसी के वासिफ अंसारी, असलम महबूब, पीयूष बरनवाल, इम्तीयाज अंसारी, रोहित गुप्ता, हुसैन जाफर हुसैनी आदि रहे।