ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक की वार्षिक परीक्षा की तैयारी रविवार को पूरी कर ली गई। सोमवार से तीन पालियों में परीक्षा होगी। इसमें स्नातक प्रथम वर्ष के प्रथम, द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा होगी। इसमें चार हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अभी कुछ दिन पूर्व तक सेमेस्टर परीक्षाएं हुई थी। अब बीए, बीएससी और बीकाम की परीक्षा कराने के लिए विद्यापीठ से निर्देश मिलते ही कॉलेज प्रशासन तैयारी में जुट गया है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पीएन डोंगरे ने बताया कि वार्षिक परीक्षा में बीए, बीकॉम और बीएससी के करीब चार हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा तीन पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली में सुबह नौ से साढ़े दस, दूसरी पाली में दोपहर 12 से डेढ़ बजे और तीसरी पाली में दोपहर तीन बजे से साढ़े चार बजे तक परीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि खामियों के चलते बंद सीसीटीवी कैमरे को सही करा दिया गया है। परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों पर सीसीटीवी कैमरे की नजर बनी रहेगी। गेट पर जांच के बाद ही छात्र-छात्राओं को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी प्रवेश पत्र जरूर लेकर आएंगे। नकल विहीन वार्षिक परीक्षा कराने को लेकर आंतरिक उड़ाका दल का गठन किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य और अंदर के गेट पर पुलिस जवानों की तैनाती रहेगी।