प्रतापगढ़ के रानीगंज कोतवाली में तैनात सिपाही राजकुमार सिंह की हत्या की खबर लगते ही सुरियावां के एकौनी गांव में खलबली मच गई। घटना से पूरा गांव सदमें में आ गया है। परिवार के लोग खबर मिलते ही प्रतापगढ़ रवाना हो गए। एकौनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, एक भी घर में चूल्हे नहीं जले।
एकौनी गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक शीतला प्रसाद सिंह के चार बेटों में सबसे बड़े राजकुमार सिंह काफी मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी तैनाती रानीगंज कोतवाली में थी। बताया जाता है कि शनिवार को कुंभापुर बढ़ौरा गांव में जमीनी विवाद की खबर मिलने पर बाइक से पहुंच गए। वहां कुछ मनबढ़ किस्म के लोग पिटाई के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार दोपहर बाद जैसे ही हत्या की खबर मिली पूरा गांव सन्न रह गया। अचानक उनके घर पर रोने- बिलखने की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। जो भी घटना के बारे में सुनता स्तब्ध रह जाता।
चार बच्चों में दो बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि एक बेटा सचिन इलाहाबाद में पैथोलॉजी चलाता है। छोटा बेटा आंसू अभी सिविल की तैयारी कर रहा है। घटना की खबर मिलने के बाद परिवार वाले प्रतापगढ़ रवाना हो गए।