अखिलेश यादव शिक्षक अधिवेशन में अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया और भाजपा सरकार की खामियों को उजागर किया। कहा कि मिर्जापुर में गंगा पुल नेताजी की देन है। सर्वाधिक बिजली कारखाना सपा की सरकार में बने, लेकिन भाजपा सरकार ने यूपी में बिजली का कोटा नहीं बढ़ाया। किसी ने कसम खाकर कहा था गंगा को साफ करना है, अब यही गंगा मइया सफाया करेंगी।
वाराणसी को क्योटो बनाने चले थे, गोरखपुर में इस साल बाजार में नाव चली। हमने एंबुलेंस दी, अमेरिका से डायल 100 लाए, लेकिन भाजपा ने दोनों केे बर्बाद कर दी। सीएम योगी लैपटॉप इसलिए नहीं बांट रहे कि उन्हें चलाना ही नहीं आता। स्मार्टफोन बांट रहे हैं जो पहले से ही युवाओं के पास है।
कहा कि कालीन के कारोबार को बढ़ाने के लिए हमारी सरकार ने एयरपोर्ट से कालीन नगरी तक सड़क बनवाया, कालीन एक्सपोर्ट के लिए सेंटर बनाया गया। भाजपा सरकार दूसरे के काम को अपना बताकर वाहवाही लूटने में लगी है।
पूर्व सीएम ने कहा कि कृषि कानून लागू हुआ तो किसानों को अधिकार छिन जाएगा। जमीन भी छिन जाएगी। इस बात को किसान भी जानते हैं। इसके पहले उन्होने कालीन नगरी की पौराणिकता पर बोला। कहा कि यह स्थल पौराणिक स्थलों से घिरा है। उन्होने एमएलसी चुनाव में प्रत्याशियों को जीताने के लिए शिक्षकों को धन्यवाद दिया।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में किसानों की आय दोगुना करने के लिए कहा था, लेकिन अब तक किसानों की आय नहीं बढ़ी। बढ़ाना था किसानों की आय और बढ़ा दिए डीजल और पेट्रोल का दाम। आज जोड़कर देखा जाए तो किसानों की आय पहले से कम हो गई है।
कालीन नगरी में अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षक अधिवेशन में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कन्हैया बन गए। शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बी पांडेय ने द्वापरयुग का जिक्र कर कृष्ण और सुदामा की बात की। इसके बाद शिक्षक सभा संग संगठन से जुड़े कई पदाधिकारियों ने सुदर्शन चक्र, गदा, बांसुरी, मुकुट, शंख भेंट किया। जिसकी काफी चर्चा होती रही।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने जिले के कई लोगों ने सपा की सदस्यता ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री श्यामधर मिश्र की बहू डॉ. नीलम मिश्र, छात्रनेता जेपी पांडेय, अमृतांशु पांडेय ने समर्थकों संग सपा की सदस्यता ग्रहण किया। कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्र ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के विचारों और कर्मठता से वह काफी प्रभावित हैं। इसलिए अब सपा से नई पारी की शुरुआत कर रही हूं। गरीबों, मजदूरों, व्यापारियों की जिस तरीके से पूर्व सीएम लड़ रहे हैं उससे आने वाला समय सपा का ही है। पूर्व ग्राम प्रधान गहरपुर निजामुद्दीन मंसूरी भी समर्थकों संग सपा से जुड़ गए।