डीघ विकास खंड के छतमी गांव के ग्रामीणों ने रविवार को रास्ते को लेकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों की उपेक्षा से रेलवे लाइन के दक्षिणी तरफ रहने वाले लोगों को बारिश में काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
छतमी गांव के मध्य से पूर्वोत्तर रेलवे की रेल लाइन गुजरी है।
उत्तर तरफ रहने वाले लोगों को जीटी रोड पर पहुंचने में दिक्कत नहीं होती है लेकिन दक्षिण तरफ रहने वालों को मार्ग के अभाव में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते रेलवे लाइन के किनारे पानी लग गया है। इससे गांव से अन्यत्र जाने के लिए लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या से आजिज ग्रामीण अशोक कुमार पांडेय के नेतृत्व में रविवार को विरोध- प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों से लेकर उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया लेकिन उनके हितों पर ध्यान नहीं दिया गया। गांव की कोई महिला अगर बीमार हो जाए तो पैदल ही उसे रेलवे लाइन के उत्तर तरफ लाना पड़ता है। चेतावनी दी कि अविलंब आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में वीरेंद्र पांडेय, राजबली पांडेय, राजबली उपाध्याय, लालता यादव, बीएन उपाध्याय, बड़की गुप्ता, पवन आदि रहे। इसी तरह घनश्यामपुर के प्रयागदासपुर जाने वाले मार्ग पर जलभराव से परेशान लोगों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस मौके पर दीपक तिवारी, संजय मौर्य, मोनू, संदीप यादव, सुरेश मौर्य, मनोज बिंद आदि रहे।