किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग डिजिटल व्यवस्था लागू करने जा रहा है। अब खाद खरीदने के लिए किसानों को मोबाइल एप पर पहले पंजीकरण कर अग्रिम बुकिंग करनी होगी।
48 घंटे के अंदर उनको समिति या इफको केंद्र से खाद उठानी होगी। निर्धारित समय में खाद नहीं लेने पर बुकिंग निरस्त हो जाएगी। सूबे के रामपुर और सीतापुर में खरीफ सीजन में यह व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की गई है।
रबी सीजन में इसको विस्तार देने की तैयारी है। जिले में कुल 52 सहकारी समिति और 298 निजी, इफको उर्वरक केंद्र हैं। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार नई व्यवस्था कर रही है। खाद लेने के लिए किसानों को अब दुकानों और समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जिला स्तर के प्रशिक्षक ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे। ब्लॉक स्तर के प्रशिक्षक आगे किसानों को खाद की ऑनलाइन बुकिंग करने की प्रक्रिया बताएंगे।