बाबतपुर-भदोही फोरलेन निर्माण को लेकर हाईकोर्ट में दायर रिट के मामले के निस्तारण को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट पर बुलाई गई किसानों की बैठक बेनतीजा रही। नाराज किसानों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
भदोही-बाबतपुर फोरलेन मार्ग निर्माण में किसानों की जमीनें अधिग्रहीत की जा रही हैं। मुआवजे की मांग को लेकर किसान तकरीबन एक साल से आंदोलन कर रहे हैं। इस मामले में किसान रामदत्त दूबे समेत 28 लोगों ने हाईकोर्ट में रिट दायर की थी। कोर्ट ने किसानों को मुआवजा देने तक काम न करने पर रोक लगाई थी। किसानों ने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट की रोक के बाद भी कार्यदायी संस्था फोरलेन का निर्माण करा रही है।
कलेक्ट्रेट बुलाकर उनसे एक सादे कागज पर दस्तखत करने के लिए कहा गया। आरोप लगाया कि पूर्व में जिला प्रशासन ने दस्तखत कराकर किसानों को धोखा दिया था। नाराज किसानों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलेगा, वह कंधिया के आगे फोरलेन का निर्माण नहीं होने देंगे। प्रदर्शन करने वालों में रामदत्त दूबे, नंदन किशोर, हीरालाल, हरिदास, रामशंकर, राधेश्याम, शारदा देवी, इंद्रावती देवी, दुर्गावती, सुशीला, गया प्रसाद, हिंछ नारायण, राकेश कुमार, बसंतलाल, शीतला प्रसाद आदि किसान मौजूद रहे।