भदोही जिले के गोपीगंज नगर में सोशल डिस्टेसिंग का माखौल उड़ाती पुलिस।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। भारतीय स्टेट बैंक से पैसे निकालकर घर जा रहे जगन मौर्य के वाहन का पुलिस ने चालान कर दिया। वजह सिर्फ इतनी थी कि एक बाइक पर दो लोग सवार थे। सोशल डिस्टेंसिंग का हवाला देकर पुलिस ने नगर के दुर्गागंज तिराहे पर ऑनलाइन चालान किया। जगन इकलौते नहीं हैं, प्रतिदिन दर्जन भर से अधिक लोगों का चालान इसी तरह हो जाता है। मगर बात अचरज की तब हो जाती है जब दूसरों को नसीहत देने पुलिसकर्मी खुद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना भूल जाते हैं।
कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए शासन ने सोशल डिस्टेंसिंग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। इसको प्रभावी बनाने के लिए सीओ से लेकर थानाध्यक्ष तक क्षेत्रों में भ्रमण करते हैं, लेकिन वह खुद और विभागीय कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का कितना पालन करा पाते हैं, इस पर सवाल उठने लगे हैं। शुक्रवार को भी ऐसे नजारे दिखे। ज्ञानपुर नगर की बात हो या भदोही की। गोपीगंज नगर में भी कमोबेश यही स्थिति रही। चक्रमण से लेकर चेकिंग अभियान में एक मीटर दूरी पर ध्यान नहीं दिया गया। एक बाइक पर दो लोगों के बैठने पर वाहन का चालान कर दिया गया, लेकिन पुलिस महकमे में ही एक बाइक पर दो से तीन सिपाही नगर में भ्रमण करते आसानी से दिख जाते हैं, जिस पर ध्यान नहीं दिया जाता। अपर पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए सभी को निर्देश दिया गया है। ऐसा न करना ठीक नहीं है। सभी को इसके लिए सतर्कता बरतने के लिए कहा जाएगा।