भदोही। रेलवे फाटक बंद होने के बाद बूम के नीचे से रेलवे क्रॉसिंग पार करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को रेल अधिकारियों ने रेलवे फाटक पर लोगों को जागरूक किया। बताया कि रेलवे फाटक बंद होने के बाद भी बाइक सवार और साइकिल के साथ पैदल यात्रा करना जोखिम भरा हो सकता है। रेलवे एक्ट के तहत यह गंभीर अपराध है। ऐसे में अब अगर ऐसा करते हैं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे फाटक गिरने के बाद बूम के नीचे से लगातार आने-जाने के मामले आने के बाद उत्तर रेलवे के मंडलीय कार्यालय ने इस पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। इसको लेकर स्थानीय अधिकारियों की ओर से कई बार लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन लोगों की आदत में कोई बदलाव नहीं देखने को मिला। बृहस्पतिवार को भदोही स्टेशन अधीक्षक बीबी मिश्रा ने आरपीएफ के सहयोग से विभिन्न रेलवे फाटकों पर कैंप लगाकर न केवल लोगों को जागरूक किया, बल्कि सावधान भी किया। बताया कि छोटी सी लापरवाही जान भी ले सकती है। लोगों से फाटक बंद होने पर खुलने का इंतजार करने की अपील भी की गई। अभियान के दौरान पकरी रेलवे फाटक पर लोगों को रेलवे का पर्ची भी बांटी। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि फाटक बंद होने पर किसी प्रकार का आवागमन नहीं होना चाहिए। इसके चलते कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। बताया जागरुकता पखवारे के तहत कई रेलवे फाटकों पर यह अभियान चलाया जा रहा है।