घोसिया। रविवार देर शाम औराई चौराहे को जोड़ने वाली भदोही रोड पर दुर्गापूजा देखने गई डॉली जायसवाल (18) पुत्री पंचदेव जायसवाल ने पुलिस की लापरवाही से ट्रक से कुचल कर दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि डाली शाम को भाई विशाल जायसवाल के साथ दुर्गा पूजा देखने गई थी। घर लौटते समय पूजा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ के बीच तेज गति से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय अस्पताल में उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में भर्ती कराने पर चिकित्सकों ने डॉली को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर घर लौटे तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ऑटो चालकों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग
घोसिया। राजमार्ग पर सुबह से शाम तक औराई वाया गोपीगंज नगर तक चक्कर लगाने वाले आटो चालकों की मनमानी से पुलिस नहीं बल्कि बैठने वाली सवारियां में भी परेशान रहती हैं। एक तो भाड़ा बढ़ाकर लेने से उन्हें न तो सीट ही मिल पाती है और न उचित स्थान। ऊपर से चालकों और खलासियों के दुर्व्यहार का सामना आम बात हो चुकी है। औराई चौराहा, घोसिया तिराहा, माधोसिंह बाजार तिराहा, लालानगर के तिराहे पर मानक के विपरीत आटो का संचालन आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन जाता है। पुलिस सबकुछ जानते हुए भी इन पर डोरे डालना नहीं चाहती क्योंकि प्रति माह मिलने वाला सुविधा शुल्क बंद हो जाएगा। रामकरन, राजकुमार, राजेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार आदि ने पुलिस अधीक्षक से आटो चालकों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग की है।