ज्ञानपुर। भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे भदोही तहसील के जमुनीपुर अठगवां के लेखपाल मोहम्मद इरफान को एसडीएम अरुण गिरी ने प्रथम दृष्टया जांच में दोषी मिलने पर निलंबित कर दिया। निलंबित लेखपाल को रजिस्ट्रार कार्यालय अटैच किया गया। विभागीय कार्रवाई के लिए लिखापढ़ी की गई है। जमुनीपुर अठगवां के ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा। जिसमें सरकारी जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।
लेखपाल से बातचीत का एक आडियो भी सौंपा। मामले को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने एसडीएम भदोही को जांच का निर्देश दिया। मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा होने पर तहसीलदार भदोही ने 12 घंटे में ही जांच को पूर्ण कर लिया। आडियो रिकार्डिंग पर लेखपाल का बयान लिया। जांच आख्या के आधार पर बृहस्पतिवार को लेखपाल मो. इरफान को एसडीएम ने निलंबित कर दिया। एसडीएम अरुण गिरी ने बताया कि जांच में लेखपाल प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। जिसके आधार पर उसे निलंबित किया गया है। इसके पूर्व भी भदोही और ज्ञानपुर तहसील में भ्रष्टाचार में छह लेखपाल पहले निलंबित हो चुके हैं। अभी हाल ही में ज्ञानपुर तहसील के लेखपाल मुरलीधर को भ्रष्टाचार में निलंबित किया गया था।