ज्ञानपुर। डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी ने सोमवार को प्राथमिक विद्यालय तिनबरवा का निरीक्षण किया। शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, स्वच्छता, सुरक्षा, मध्यान्ह भोजन एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बच्चों का उत्साह बढ़ाया। डीएम कक्षा में पहुंचकर बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विषयों एवं विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। बच्चों से किताब पढ़वाकर उनकी पठन क्षमता एवं शैक्षणिक स्तर को परखा और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों के साथ सहज एवं आत्मीय वातावरण में बातचीत करते हुए उन्होंने उन्हें प्यार-दुलार किया और टॉफी भी खिलाई। जिलाधिकारी के साथ बातचीत कर बच्चे भी उत्साहित नजर आए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता अलग होती है, इसलिए शिक्षकों द्वारा बच्चों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षण कार्य किया जाए। डीएम ने बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे खान-पान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण स्थान है।