पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-रामबाग रेलखंड पर माधोरामपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी भेज दिया। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। बृहस्पतिवार रात करीब 11:15 बजे स्टेशन मास्टर अरविंद श्रीवास्तव ने जीआरपी को घटना की सूचना दी। उपनिरीक्षक आनंद कुमार कांस्टेबल सचिन कुमार और जिगर यादव के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दो से तीन घंटे तक शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
युवक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। जीआरपी के उपनिरीक्षक ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।