ऊंज। बिछियां गांव में बुधवार की सुबह चौराकला-विश्वनाथपुर मार्ग पर माइनर के पास ईंट-भट्ठा पर काम करने वाले मजदूर जीतनारायण (62) का शव मिला। घटना की सूचना मिलने पर एएसपी शुभम अग्रवाल और सीओ ज्ञानपुर प्रभात राय भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मिर्जापुर के लालगंज थानाक्षेत्र के मेवाड़ी लहंगपुर निवासी जीत नारायण बिछियां (बनकट) गांव में स्थित प्रताप ईंट उद्योग (ईंट भट्ठा) पर पिछले आठ साल से परिवार के साथ रहकर मजदूरी करते थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 10 बजे शराब पीकर खाना खाने के बाद पत्नी मुन्नी देवी से किसी बात के लिए विवाद किया। इसके बाद घर से बाहर निकल गए। बहुत देर तक घर नहीं लौटने पर पत्नी ने इधर-उधर ढूंढा। नहीं मिलने पर वह घर आकर सो गई। सुबह सड़क किनारे शव मिलने की जानकारी होते ही पत्नी बच्चे घटनास्थल पर पहुंचे। एएसपी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पत्नी ने अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस हर बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतक के दो बेटे एक पुत्री हैं।