हाजीपुर से टड़ियापार होते हुए सिताबी मार्ग पर बने गड्ढे। संवाद
- फोटो : 1
पीडीडीयू नगर। चकिया विकास खंड के फिरोजपुर ग्राम पंचायत में हाजीपुर से पाल बस्ती तक जाने सड़क और क्षतिग्रस्त पुलिया के दिन अब बहुरने वाले हैं। करीब 80 लाख रुपये की लागत से पुलिया और पहुंच मार्ग के निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई है। शासन से स्वीकृति और धनराशि मिलने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा। पुलिया और सड़क बनने से करीब 10 गांवों के लोगों को सहूलियत होगी।
हाजीपुर से पाल बस्ती तक जाने सड़क करीब एक दशक से बदहाल है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आए दिन बाइक और साइकिल सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल होते हैं। मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परिजनों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस मार्ग पर बनी पुलिया भी करीब 10 वर्षों से क्षतिग्रस्त है।
रेलिंग टूटकर गिर चुकी है और रैंप जर्जर हो गया है। रात में पुलिया से आने-जाने में हादसे का डर सताता रहता है। यह मार्ग चकिया-अहरौरा मार्ग को भीषमपुर होते हुए मिर्जापुर जिले के अदलहाट मार्ग से जोड़ता है। आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए यह प्रमुख संपर्क मार्ग है। ग्रामीण लंबे समय से मार्ग और पुलिया के निर्माण की मांग कर रहे थे। इसको देखते हुए पीडब्लयूडी के निर्माण खंड ने करीब 80 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी है।
इनसेट.......
दस गांवों के लिए अहम है मार्ग
फिरोजपुर, टकटकपुर, सिताबे, भीषमपुर, हेतिमपुर, हाजीपुर सहित करीब 10 गांवों के लोगों का इस मार्ग से आवागमन होता है। मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों को चकिया-अहरौरा मार्ग और मिर्जापुर के अदलहाट क्षेत्र तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
कोट......
फिरोजपुर ग्राम पंचायत में हाजीपुर से तड़ियापार होते हुए सिताबे मार्ग की पाल बस्ती तक जाने वाली सड़क और क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत के लिए कार्ययोजना शासन को भेज दी गई है। शासन से मंजूरी और बजट मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। - कृष्ण कुमार, अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड, चंदौली।