पीडीडीयू नगर में नए खंभे में तार दौड़ाते कार्यदायी संस्था के कर्मचारी। संवाद
- फोटो : 1
पीडीडीयू नगर। सिक्स व फोरलेन के किनारे स्थित खंभे और तार हटाने के लिए चंदासी उपकेंद्र से निकले फीडर संख्या एक से जुड़े क्षेत्रों दो दिन बिजली कटौती होने की संभावना है। सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक कटौती की जाएगी। लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है।
पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक बन रहे सिक्स व फोरलेन के दौरान पुराने जीटी रोड पर लगे बिजली के खंभों को सर्विस रोड के किनारे शिफ्ट किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था के कर्मचारी पोल लगाने के बाद तार दौड़ाने में लगे हैं। वर्तमान में चंदासी कोल मंडी से कैलाशपुरी तक पोल व तार शिफ्ट किए जा रहे हैं। इसके बाद आगे के खंभों व तार को भी शिफ्ट किया जाएगा।
खंभे व तार शिफ्ट करने के लिए अभी सुबह के 10 से दोपहर के दो बजे तक बिजली कटौती की जा रही है। इस दौरान फीडर संख्या एक से सात तक के कुछ फीडरों और कभी सभी फीडरों का आपूर्ति बंद की जा रही है। नये खंभे और तार लगने से बिजली की आपूर्ति बेहतर होगी। इस संबंध में चंदासी उपकेंद्र के एसडीओ दीपक पटेल ने बताया कि चंदासी से कैलाशपुरी तक नए खंभे लगा दिए गए हैं। अब तार दौड़ाने का काम किया जा रहा है। इसमें दो दिन और लगने की संभावना है।