वहिदानगर। कोइरौना थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में मंगलवार को बिजली गिरने से 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती बीएससी की छात्रा थी। प्रयागराज जिले के ऋषिपुर स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती थी।
जानकारी के अनुसार कोईरौना के मझगवां गांव निवासी कामा यादव की बेटी रूपा बचपन से ही प्रयागराज के ऋषिपुर स्थित अपने ननिहाल में रखकर पढ़ाई लिखाई करती थी। इस समय वह प्रयागराज के ही एक कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। चार दिन पहले ही वह अपने घर आई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को उसके ननिहाल के लोग उसे लेने आए थे। जहां यह बताया गया कि धान की रोपाई का कुछ कार्य शेष है। इसे पूरा होते ही रूपा चली जाएगी। मंगलवार की शाम चार बजे के आसपास वह खेत में परिवार के तीन अन्य सदस्यों के साथ धान की रोपाई कर रही थी। इस बीच तेज आवाज के साथ कड़की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से रूपा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथ काम कर रही परिवार की तीन अन्य महिलाएं बाल-बाल बच गई। मृतका दो बहन और एक भाई में सबसे छोटी थी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।