यूपी टेक्सटाईल कांक्लेव-2026 में उपस्थित सीईपीसी उपाध्यक्ष असलम महबूब। स्रोत- सीईपीसी
भदोही। लखनऊ में हुए दो दिवसीय यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 में भदोही कालीन उद्योग के ओर से कालीन उद्योग के विकास और लाखो मजदूरों की जीविका बचाने के लिए अलग से कालीन नीति बनाए जाने की मांग की गई है। कार्यक्रम में उद्योग के ओर से सहभाग कर रहे कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के पदाधिकारी शामिल हुए और मांग रखी। कॉन्क्लेव का शुभारंभ सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया। इसके बाद प्रदेश के अग्रणी वस्त्र एवं परिधान उद्यमियों के साथ संवाद किया। संवाद में लोगों ने वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा वैश्विक बाजार में उत्तर प्रदेश की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। कांक्लेव के दौरान सीएम के साथ राउंड-टेबल बैठक में सीईपीसी अध्यक्ष कैप्टन मुकेश गोम्बर व उपाध्यक्ष असलम महबूब ने उद्योग के लिए कालीन नीति की मांग रखी। लोगों ने कहा कि अलग से कालीन नीति होने से उप्र के कालीन उद्योग को आवश्यक नीतिगत एवं संस्थागत सहयोग मिल सकेगा।
दो दिवसीय कॉन्क्लेव के दूसरे दिन प्रदेश के हस्तशिल्प एवं हस्तनिर्मित उत्पादों के निर्यात का रोडमैप विषय पर पैनल चर्चा में परिषद के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने घटते हुए बुनकरों एवं कारीगरों की समस्याओं पर चिंता जताते हुए सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया। कांक्लेव में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी चर्चा में शामिल रहे।