गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक मालवाहक वाहन पलट गया। वाहन चालक ने कुछ बाइक सवार युवकों पर मारपीट करने और मोबाइल, नगदी और सोने की अंगूठी छीन लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
औराई थाना क्षेत्र के महदेपुर कैयरमऊ निवासी अनिल कुमार सरोज (32) ने बताया कि वह माल वाहक वाहन से सेमरी सामान पहुंचाने के बाद अपने परिवार को लेने ससुराल गोपीगंज जा रहा था। आरोप है कि लालानगर टोल से ज्ञानपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर देसी शराब ठेके के पास वह वाहन रोककर खड़ा था। इसी दौरान पहले से मौजूद कुछ बाइक सवारों की बाइक उनके वाहन से टकरा गई।
आरोप है कि इसके बाद युवक जबरन विवाद करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। जिसके बाद अनिल वहां से वाहन लेकर आगे बढ़ गए। पीड़ित के अनुसार तीन बाइक सवार उनका पीछा करने लगे। घबराहट में तेज रफ्तार के कारण वाहन सड़क किनारे पलट गया। आरोप लगाया कि वाहन पलटने के बाद बाइक सवारों ने वाहन में फंसे चालक को बाहर निकालकर मारपीट की।
इसके बाद उनका उसका मोबाइल फोन और कुछ रुपये और सोने की अंगूठी छीन ली। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घायल चालक गोपीगंज कोतवाली पहुंचा, जहां पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।