गोपीगंज। उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण निगम के चेयरमैन साहब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस और बसपा ने मौर्य समाज को ठगने का कार्य किया है। आजादी के बाद से यदि किसी ने मौर्य समाज को उचित सम्मान दिया है तो वह समाजवादी पार्टी है। आगामी लोकसभा चुनाव में समाज के लोग मुलायम सिंह यादव को प्रधानमंत्री बनाने के लिए एड़ी चोटी का पसीना एक कर देंगे। श्री सैनी राही पर्यटक आवास गोपपुर में आयोजित मौर्य समाज के अभिनंदन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मौर्य समाज ने देश पर सैकड़ों साल तक राज्य किया है, लेकिन हम उनकी सल्तनत को कायम नहीं रख सके। एकजुटता न होने के कारण हमारी जितनी आबादी है उस हिसाब से हमें राजनीति में भागीदारी नहीं मिल पा रही है। सपा ने मौर्य समाज के लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया है। विशिष्ट अतिथि सहकारिता राज्य मंत्री आलोक शाक्य ने कहा कि मौर्य समाज के गौरवशाली इतिहास बनाए रखने की जरूरत है। समाज के लोग जब-तक एकजुट होकर कार्य नहीं करेंगे तब तक वह अपनी ताकत का एहसास नहीं करा सकेंगे।
ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि यदि भारत का इतिहास लिखा जाएगा तो वह मौर्य साम्राज्य के बिना अधूरा ही रहेगा। बसपा सरकार में बाबू सिंह कुशवाहा के साथ अन्याय किया गया। सपा सरकार में उन्हें वाई श्रेणी की सुविधा प्रदान की है। साथ ही जेल में भी उन्हें वीआईपी सुविधा दी जा रही है।
विधायक ने मौर्य विकास समिति को दस लाख रुपये देने की घोषणा की। राबर्ट्सगंज के विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि सपा ने मौर्य समाज के लिए जो कार्य किया है वह आज तक किसी भी राजनीतिक दल ने नहीं किया। इटावा के विधायक रघुराज सिंह शाक्य ने भी विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पूर्व कुलपति प्रो. एसएस कुशवाहा और संचालन अरुण मौर्य ने किया। इस मौके पर भदोही विधायक जाहिद बेग, सपा लोकसभा प्रत्याशी सीमा मिश्रा, सपा जिला महासचिव कुंवर प्रमोद चंद्र मौर्य, लल्लाराम मौर्य, श्रीराम मौर्य, चेयरमैन हीरालाल मौर्य, रामधनी मौर्य, संजय मौर्य, शीतला प्रसाद मौर्य, गीता मौर्य, जगजीवन मौर्य, विद्याधर मौर्य, पारसनाथ कुशवाहा, जवाहरलाल मौर्य, दूधनाथ मौर्य, नंदलाल मौर्य, रामजी मौर्य आदि मौजूद रहे।
ढाई वर्ष में वादे पूरे करेगी सपा सरकार
गोपीगंज। उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण निगम के चेयरमैन कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त साहब सिंह सैनी ने कहा कि सपा सरकार वर्ष के भीतर घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा कर देगी। समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। मौर्य समाज के अभिनंदन समारोह में आए सैनी पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मुनिया के साथ हुई दरिंदगी की जितनी भी निंदा की जाए, कम है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही महिलाएं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के कानून व्यवस्था पर अंगुली उठाने वाली कांग्रेस को पहले दिल्ली में ध्वस्त हुई कानून व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।
पूर्व एमएलसी की प्रतिमा पर माल्यार्पण
संवाददाता
गोपीगंज। मौर्य समाज के अभिनंदन समारोह में हिस्सा लेने आए कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त साहब सिंह सैनी, इटावा के सपा विधायक रघुराज सिंह शाक्य, राबर्ट्सगंज के विधायक अविनाश कुशवाहा ने पूर्व एमएलसी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पारसनाथ मौर्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सपा के जिला महासचिव कुंवर प्रमोद चंद्र मौर्य ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान श्री सैनी सहित अन्य नेताओं ने स्व. पारसनाथ मौर्य के साथ बिताए गए पलों को याद किया।