गोपीगंज। गेराई-गहरपुर मार्ग के मरम्मत की मांग को लेकर मदरसा छात्रों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। गहरपुर स्थित दारूल उलूम हबीविया रिजविया के छात्रों ने दशक भर से मार्ग की मरम्मत न होने पर सड़क पर आवागमन में हो रही समस्या पर गहरी नाराजगी जाहिर की। शीघ्र गहरपुर गेराई मार्ग की मरम्मत न होने पर जीटी रोड जाम करने की चेतावनी दी।
छात्रों ने बताया कि एक दशक से अधिक समय से गेराई- गहरपुर मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे यह मार्ग जर्जर होने से खस्ताहाल हो गया है, इस पर से पैदल चलना भी दूभर हो गया है। बाइक और साइकल से चलने पर दुर्घटना तय रहता है। मदरसे से पैदल जीटी रोड आवागमन करने में आए दिन फिसलकर गिरने में चोटिल होना पड़ता है। इस बावत संबंधित अधिकारियों से अवगत कराने के बाद भी गेराई-गहरपुर मार्ग मरम्मत नहीं कराई गई। इससे मार्ग अस्तित्व खोने की कगार पर है। इसलिए इस मार्ग को नए सिरे से निर्माण की जरूरत है। छात्राें ने जिले के जनप्रतिनिधियों और डीएम का ध्यान आकृष्ट कराया है। जिससे मार्ग की बदहाली दूर हो सके। चेतावनी दी कि शीघ्र मार्ग की बदहाली दूर न होने पर जीटीरोड जाम करने के लिए बाध्य होंगे। हाफिज इरफान अली, हाफिज मोहम्मद फैज, अकबर अली, मोहम्मद सेराज, मोहम्मद आबिद अली, वकार आलम, जमीर अली, मोहम्मद आरिफ, मुशाहिद रजा, आमिर हमजा, मोहम्मद हुसैन, नासिर अली, शमीम आलम, नूर आलम, मुख्तार आदि मौजूद रहे।