गोपीगंज। गोपीगंज नगर के ऐतिहासिक भरत मिलाप लीला में आकर्षक लाग विमानों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। चारों भाइयों के मिलते ही आसमान से पुष्पवर्षा शुरू हो गई। इसके बाद जय श्रीराम के उद्घोष से समूचा क्षेत्र गुंजायमान हो गया।
नवयुवक दल के तत्वावधान में रविवार की देर रात मंदिर बाबा कबूतरनाथ मंदिर से भरत मिलाप कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी और वानरी सेना गाजे बाजे के साथ नगर के अंजही मुहाल, सदर मुहाल होते हुए जीटी रोड चौराहे पर पहुंची। वहीं दूसरी ओर रामलीला मैदान से अपने दल बल के साथ भरत, गुरु वशिष्ठ के साथ पहुंचे। चौराहे पर राम और भरत का मिलन हुआ तो मानो दुनिया ही ठिठक गई। 14 साल के बाद राम-भरत के मिलते ही वहां मौजूद लोगों की आंखें सजल हो गईं। राम-भरत मिलन के दौरान छतों से श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की। जयश्रीराम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया। इस दौरान दर्जन भर के करीब आकर्षक लाग विमान निकाले गए। ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्रा की ओर से दो झांकी निकाली गई, जिसमें रक्तबीज वध, शिवजी का तांडव नृत्य शामिल रहा। विधायक की ओर से निकाली गई झांकी को प्रथम पुरस्कार दिया गया। पालिकाध्यक्ष प्रह्लाद दास गुप्ता की ओर से निकाली गई झांकी वीरभद्र वध को द्वितीय पुरस्कार, संतलाल अग्रहरि की झांकी को तृतीय, पूर्व अध्यक्ष आशाराम गुप्ता की झांकी को चौथा पुरस्कार दिया गया। झांकियों में शेषनाग, अघासुर वध, सती महिमा की झांकी चर्चा में रही। मेला क्षेत्र में एसडीएम राजेंद्र प्रसाद, पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर जितेंद्र दूबे, एसओ विनोद यादव, चौकी इंचार्ज रंग बहादुर पांडेय मय फोर्स मौजूद रहे। जुलूस में रामलाल अग्रवाल, भिखारीलाल, शिवशंकर गुप्त, मुरारीलाल, प्रदीप, देवी, मुकेश, दामोदर, कल्लू, गोपाल, छेदी, नंदलाल, उमेश सिंह, पिंटू सिंह, चिंटू सिंह, प्रमोद, संतोष सिंह बघेल आदि शामिल रहे।