ज्ञानपुर। दूरस्थ शिक्षा विधि से बीटीसी प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके करीब्र आठ सौ शिक्षामित्रों की किस्मत पर शुक्रवार को यूपी कैबिनेट ने मुहर लगा दी। कैबिनेट के फैसले से शिक्षामित्र खुशी से झूम उठे। जिले के प्राथमिक विद्यालयों में करीब एक दशक से अधिक समय से पढ़ा रहे शिक्षामित्र कई साल से शिक्षक बनने के लिए आंदोलन कर रहे थे। दो साल पूर्व सरकार ने शिक्षामित्रों के समायोजन के लिए दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से बीटीसी प्रशिक्षण दिलाना शुरू किया।
जिले के छह ब्लाकों में करीब आठ सौ शिक्षामित्रों का प्रशिक्षण करीब पूर्ण हो चुका है। ऐसे शिक्षामित्रों के सभी कागजात भी विभागीय स्तर से तैयार कर लिया गया है। करीब तीन महीने से शिक्षामित्रों को टीईटी परीक्षा कराने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
शुक्रवार को यूपी कैबिनेट की बैठक में शिक्षामित्रों के समायोजन पर मुहर लग गई। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष शहनवाज खां ने कहा कि शिक्षामित्रों की लड़ाई रंग लाई। सरकार को शिक्षामित्रों के हित में फैसला देना पड़ा। शिक्षामित्र एखलाक, आनंद, हीरामणि, रामसागर, संतराम, रवि चंद्रभूषण, प्रदीप उपाध्याय ने सरकार के प्रति आभार जताया।