ज्ञानपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सुरियावां में खामियों को लेकर बीएसए ने जिला समन्वयक बालिका शिक्षा, दो वार्डेन, एकाउंटेंट और रसोइयां को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर जवाब देने को कहा है। भोजन की गुणवत्ता ठीक न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बालिकाओं की शिकायत पर सप्ताहभर पूर्व जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय ने गड़ेरियापुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान बालिकाओं को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता काफी खराब पाई गई थी। भोजन की गुणवत्ता सही न पाए जाने पर डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई का दिशा-निर्देश दिया था। डीएम के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने सोमवार को जिला समन्वयक बालिका शिक्षा के अलावा दो वार्डेन, एक एकाउंटेंट और एक रसोइयां को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। त्रिपाठी ने कहा कि सभी को एक महीने का समय दिया गया है। एक महीने के अंदर भोजन की गुणवत्ता सही न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अन्य कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में भोजन की शिकायत मिल रही है। मालूम हो कि कस्तूरबा गांधी विद्यालय में खामियों को लेकर अक्सर शिकायतें उठती रहती हैं। कभी भोजन की गुणवत्ता तो कभी पठन-पाठन को लेकर सवाल उठते रहते हैं।