ज्ञानपुर। ला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा प्रत्याशी रीना सोनकर बृहस्पतिवार को निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। नाम वापसी के दिन प्रशासनिक स्तर से इसकी घोषणा की गई। घोषणा के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
छह महीने तक त्रिस्तरीय सदस्यों के भरोसे चली जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए गत सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया गया। सिर्फ एक प्रत्याशी के नामांकन दाखिल करने से उसी दिन निर्विरोध निर्वाचन की उम्मीद हो गई थी। बृहस्पतिवार को नाम वापसी के दिन अपराह्न तीन बजे कोई हलचल नहीं हुई तो प्रशासनिक स्तर से रीना सोनकर को निर्विरोध निर्वाचित होने की औपचारिक घोषणा की गई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश सोनकर के आवास से भदोही विधायक जाहिद बेग और जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी रीना सोनकर जिला मुख्यालय पहुंचीं। रिटर्निंग आफिसर जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय ने कलेक्ट्रेट कक्ष में रीना को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। प्रमाण पत्र मिलने के साथ ही कार्यकर्ता और पदाधिकारी जश्न में डूब गए। रीना सोनकर के निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही एक बार फिर जिला पंचायत अध्यक्ष पर सपा का कब्जा
हो गया।
1995 के बाद सिर्फ 2009 में ही यह कुर्सी बसपा के पाले में गई थी, लेकिन दो साल में ही अविश्वास प्रस्ताव के चलते उनको हटना पड़ा था। इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला, अपर जिलाधिकारी केएन सिंह के अलावा जिला महासचिव कुंवर प्रमोद चंद्र मौर्य, सपा जिला उपाध्यक्ष हसनैन अंसारी, रामयज्ञ पाल, मेवालाल, लालजी यादव सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।