ज्ञानपुर। जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में पूर्व के कार्यों को पूरा न होने पर सांसद नाराज हुए तो जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करते हुए परियोजना निदेशक का वेतन रोकने का निर्देश दिया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
सांसद गोरखनाथ पांडेय ने जिला सतर्कता और अनुश्रवण समिति की पिछली 30 अप्रैल को हुई बैठक के दौरान दिए कार्यों को पूर्ण न होने पर नाराजगी जताई। इंदिरा आवास को लेकर तीन साल की सूची न दे पाने पर जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय ने सभी खंड विकास अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की। परियोजना निदेशक का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का निर्देश देते हुए विकास कार्यों की सूची भविष्य में सांसद को उपलब्ध कराने को कहा।
पीएमजीएसवाई की सड़कों की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई। सांसद ने अधिशासी अभियंता बिजली को निर्देश दिया कि शहर और ग्रामीण अंचलों में नियमित रोस्टर के अनुसार बिजली दी जाए। मनरेगा की समीक्षा के दौरान अब तक 15 करोड़ 88 लाख रुपये खर्च होने पर कहा कि मनरेगा का धनराशि का सदुपयोग किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएमओ को ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता बेहतर करने को कहा। इसी तरह जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों में शिक्षकों को भेजने का निर्देश दिया।