ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय विश्वविद्यालयीय रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन हो गया। इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन पर रोवर्स-रेंजर्स के कार्यों और निष्ठा की सराहना की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि सीडीओ हरिशंकर सिंह ने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण के जरिए ज्ञान, अनुभव और अश्तित्व का बोध कराया जाता है। कौशल विकास के माध्यम से वह किसी भी परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम होते हैं। समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप नारायण डोंगरे ने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स शाश्वत मूल्य एवं चिंतन को संरक्षित करने का काम करते हैं। उन्हें प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिस्पर्धा, अनुशासन एवं संयम जैसे गुणों को आत्मसात कराया जाता है। रोवर्स प्रभारी डॉ. कमाल अहमद सिद्दीकी और रेंजर्स प्रभारी रश्मि सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
रोवर्स-रेंजर्स समागम में भदोही के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, मिर्जापुर के जीडी बिन्नानी पीजी कॉलेज और वाराणसी के जगतपुर पीजी कॉलेज के रोवर्स-रेंजर्स ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें कलर पार्टी, कैंपिंग, पायनियरिंग, रोल प्ले और नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागी सभी छात्र एवं छात्राओं का उत्साह वर्धन करते हुए उनके हुनर की सराहना की गई। इस मौके पर शीतला प्रसाद पांडेय, शेषधर दूबे, राधा त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, विजय त्यागी, रामेश्वर सिंह, ऋतुराज श्रीवास्तव, राजेश प्रजापति, रविंद्र कौर डॉ. डॉ. संतोष कुमार, डॉ. बृजेश सिंह, डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र आदि मौजूद रहे।