औराई/बाबूसराय। राशन कार्ड निरस्त होने के विरोध में बुधवार को ठेगीपुर के ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोप लगाया कि सप्लाई विभाग की ढुलमुल कार्यप्रणाली का खामियाजा ग्रामीण उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम को पत्रक भी दिया।
राशन कार्ड निरस्त होने को लेकर ठेगीपुर के ग्रामीणों ने मंगलवार को सप्लाई इंस्पेक्टर को बंधक बनाया था। बुधवार को ग्रामीण लामबंद होकर तहसील पहुंच गए और प्रदर्शन कर अपना दर्द सुनाया। तहसील पहुंचे तकरीबन चार दर्जन ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी कविता मीना से उनका राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया है। इस पर एसडीएम ने कहा कि जल्द ही सभी पात्रों का नाम कंप्यूटर में फीड कराकर उनका अंत्योदय कार्ड बना दिया जाएगा। इस मौके पर शिवशंकर, संजय पटेल, रंपती, पुष्पा, रामबली, रामशंकर, राधेश्याम, पतिया, श्यामधर, दीपक आदि ग्रामीण मौजूद थे।