सीतामढ़ी। बीएसएनएल समेत सभी कंपनियों की मोबाइल सेवा ध्वस्त हो गई है। सीतामढ़ी समेत आधे जनपद में तीसरे दिन नेटवर्क की समस्या से बड़ी संख्या में उपभोक्ता जूझते रहे। कॉल ड्रॉप और नेटवर्क गायब होने की समस्या दिनभर बाधा बनती रही।
निजी क्षेत्र की मोबाइल कंपनी एयरटेल सेवा नहीं दे पा रही है तो वोडाफोन के ग्राहक इंटरनेट स्पीड को लेकर जूझ रहे हैं। जिओ का नेटवर्क हर स्थान पर नहीं मिल पाता है, जबकि बीएसएनएल की स्थिति तो जगजाहिर है। उपभोक्ताओं को मोबाइल से वाइस काल करना जहां टेढ़ी खीर साबित हो रहा है वही इंटरनेट सेवा में भी काफी गड़बड़झाला है। एयरटेल की मोबाइल सेवाओ से त्रस्त उपभोक्ता कमला शंकर मिश्रा का कहना है कि पिछले कई माह से बात करने में काफी कठिनाई हो रही है जल्दी फोन लगता ही नही है। बार बार काल ड्रॉप और आवाज न आना आम बात हो गई है। वोडाफोन के उपभोक्ता मुन्ना सिंह का कहना है कि बात तो होती है लेकिन इंटरनेट की स्थिति ठीक नही है। जिओ के उपभोक्ता सरकार शुक्ला का कहना है कि इसका नेटवर्क हर जगह नही मिलता जिससे काफी दिक्कत होती है। बीएसएनएल के उपभोक्ता धर्मेंद्र सिंह, दियाली सेठ का कहना है कि सरकारी क्षेत्र की कंपनी पर सबसे अधिक भरोसा है, लेकिन आए दिन नेटवर्क फेल रहने से काफी जिल्लत झेलनी पड़ती है। कोइरौना थाना और सीतामढ़ी पुलिस चौकी में मोबाइल नेटवर्क बीएसएनएल के मोबाइल बीटीसी से मिलता है, लेकिन तीन दिनों से नेटवर्क फेल रहने से कोइरौना पुलिस को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी तरह पर्यटन स्थली में आने वाले सैलानियों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है।