भदोही। डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में शनिवार से पांच दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन करते हुए प्राचार्य डा.सत्येंद्र प्रकाश ने कहा कि प्रत्येक रोवर-रेंजर के लिए यह कुछ नया सीखने का सुअवसर है। देश व समाज को विषम परिस्थितियों में महत्वपूर्ण योगदान देकर शिविरार्थी अपने जीवन को उपयोगी बना सकते हैं।
शिविरार्थियों को सात टोलियो में बांट कर उन्हें पशु-पक्षियों कोयल, बुलबुल, मोरनी, बिल्ली, बाघ, चीता आदि नाम दिए गए। रोवर्स प्रभारी डा.बृजेश सिंह व रेंजर्स प्रभारी डा.भावना सिंह ने अपने अपने वर्ग का नेतृत्व किया। जबकि बतौर प्रशिक्षक चंद्रेश राय व ज्योति मौर्य ने प्रतिभागियों को विभिन्न जानकारी प्रदान की। जिला संगठन आयुक्त शेषधर दूबे ने शिविरार्थियों को ध्वज शिष्टाचार, प्रार्थना, झंडा गान, अभ्यास समेत नियमों की जानकारी दी।
इस दौरान रोवर्स रेंजर्स को स्काउट इतिहास से भी अवगत कराया। जिला संगठन आयुक्त ने कहा कि शिविर में बताई गई बातों को गंभीरतापूर्वक सुनें और उन पर अमल करें। प्रथम दिन प्रतिभागियों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मुख्य रुप से डा.यशवीर सिंह, डा.गौतम गुप्ता, डा.राजकुमार यादव, डा.आशुतोष श्रीवास्तव, डा.अनुराग सिंह, डा.माया यादव, डा. वर्षा तिवारी, डा.रुस्तम अली, डा.बृजेश कुमार रहे।