99 हजयात्रियों का जत्था रवाना हुआ
भदोही। मंगलवार को हजयात्रियों का जिले का सबसे बड़ा जत्था मुकद्दस हज पर रवाना हुआ। तड़के लोगों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया था। विभिन्न मोहल्लों में सुबह से ही भारी चहल-पहल रही। लोग हजयात्रियों से मिलने के लिए एक मोहल्ले से दूसरे मोहल्ले पहुंच कर मुबारकबाद दे रहे थे। आज निजी साधनों से कुल 99 हजयात्री रवाना हुए।
नगर के दरोपुर, चौरी रोड, पीरखांपुर, जलालपुर, पश्चिम तरफ, निजामपुर, जमुंद, मशाल रोड, काजीपुर, बाजार सलाबत खां, रोटहां, खमरिया, ज्ञानपुर, पियरोपुर, माधोसिंह, लक्ष्मणपट्टी आदि से लोगों को रवाना करने के लिए लोग सुबह-सुबह से चल पड़े थे। लोग हजयात्रियों को माला पहना कर दुआ की दरख्वास्त कर रहे थे। इस दौरान हजबैतुल्लाह मुबारक हो.. के नारे जगह जगह गूंज रहे थे। जिनके घर के लोग हज पर जा रहे थे, उनमें एक खुशी भी थी और आंखें भी नम थी। हर कोई यही दुआ कर रहा था कि अल्लाह उनका हज कबूल करे। साथ ही लोग हज-ए-मुबारक पर पहुंच कर भदोही के कारोबार, व्यापार में तरक्की के लिए दुआ करने की इल्तिजा कर रहे थे। मोहल्ला पश्चिम तरफ से 22 वर्षीय कैफुलवरा अपने खाला अम्मी शकीला बानो को लेकर रवाना हुए। कम उम्र में हज पर जाने वालों की संख्या कम ही होती है। उन्हें भी छोड़ने के लिए भारी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे। खुद्दामे हज समिति के सेक्रेट्री जिला हज ट्रेनर मौ. सुहैब आलम नदवी ने खुद वाराणसी हज हाउस तक गए और लोगों की व्यवस्था में लगे रहे। उन्होंने बताया कि भदोही से बुधवार को भदोही के लोगों का अंतिम जत्था जाएगा, जिसमें 14 लोग होंगे।