मुख्यमंत्री के ड्रीम अभियान ग्रीन यूपी, क्लीन यूपी में सोमवार को गजब का उत्साह देखने को मिला। आमजन के संग-संग अफसर, नेता भी जिले भर में पौधे लगाते और हरियाली का संकल्प दोहराते देखे गए। अभियान के लिए जो लक्ष्य 24 घंटे में पूरा करना था, उसे महज नौ घंटे में ही पूरा कर लिया गया। 90 हेक्टेयर रकबे में 88 हजार 500 पौधे लगा दिए गए।
मुख्यमंत्री के पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए सुबह से ही अफसरों की टीम मुस्तैद दिखी। जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने सुरियावां के महुआपुर, बावन बीघा, आईटीआई कॉलेज पिपरिस में पौधे रोपे और लोगों से पर्यावरण संरक्षण की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान में सहयोग की अपील की और कहा कि पौधों की सुरक्षा बेटों की तरह करें।
पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी जीव जंतु, पशु-पक्षी और मनुष्य का जीवन भी सुरक्षित रहेगा। पिपरिस में विधायक जाहिद बेग और माधोसिंह चील्ह रोड, विधायक मधुबाला, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य कुसुम प्रजापति ने आईटीआई कॉलेज पिपरिस और रजपुरा चौराहे पर पौधरोपण किया।
वहिदानगर क्षेत्र के डीघ विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय रामकिशुनपुर बसहीं, भिखीपुर, कोइरौना, भावापुर में पौधरोपण किया गया। कालिका इंटर कॉलेज के प्रबंधक राहुल दूबे, विष्णु सेठ, अरुण दूबे, टिकेश्वरनाथ, मैनेजर यादव, ग्राम प्रधान कांता प्रसाद बिंद, रामकुमार बिंद, डब्बू तिवारी, पूर्व प्रधान दाताचरण और अजीतनगर स्थित चौधरी चरण सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य, सपा नेता कमलाशंकर महतो प्रधानाचार्य शिवप्रताप यादव, शोभनाथ यादव ने पौधे रोपे। खमरिया इलाके के घोसिया स्थित टेंडर हर्ट्स स्कूल में प्रबंधक कीर्तन कोकिला ने पौधों का पूजन भी किया।
विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में 300 पौधे लगाए गए। ज्ञानपुर बीआरसी में समन्वयक संतोष सिंह ने पौधरोपण किया। ऊंज के कुरमैचा गांव के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सपा नेता दीनानाथ यादव, रविकांत बिंद, मोल्हई राम, श्याम नारायण ने पौधे लगाए।
सुरियावां के हरिपुर अभियां के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्राम प्रधान महिमा मिश्रा ने गांव में 1250 नीम, शीशम, जामुन, बरगद, पाकड़ सहित कई प्रजाति के पौधे लगाए गए। मौके पर प्रभुनाथ, अजय आदि रहे।