ज्ञानपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में गरीब परिवारों की 831 बेटियों की शादी कराई जाएगी। शासन ने इसका लक्ष्य तर कर दिया है। 2023 में 1090 के सापेक्ष इस बार 250 से भी अधिक जोड़ों की संख्या कम कर दी गई है। लक्ष्य मिलने के बाद समाज कल्याण विभाग ने शादी की पहली लगन 12 जुलाई को निर्धारित की है। तिथि तय होते ही पात्र जोड़ों का चयन कर शादी कराने की तैयारी में ब्लाॅक कार्यालय व नगर निकाय जुटे हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 831 गरीब बेटियों के हाथ पीले कराने का लक्ष्य तय किया गया है। जुलाई में सामूहिक विवाह के मेगा इवेंट का आयोजन करने की तैयारी है। इसे लेकर ब्लाॅक और नगर निकायों को भी आनलाइन आवेदन कराने का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आनलाइन पोर्टल भी शुरू कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग के साथ ही सामान्य वर्ग की गरीब बेटियों की शादी के लिए सामूहिक योजना की शुरूआत की है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ऐश्वर्यराज लक्ष्मी ने बताया कि इसमें कन्या को गृहस्थी बसाने के लिए 35 हजार रुपये बैंक खाते में दिया जाएगा तो कन्याओं को 10 हजार रुपये की उपहार राशि मिलेगी। इसके साथ ही छह हजार रुपये शादी के आयोजन पर खर्च किया जाएगा।
यह है पात्रता
निराश्रित, निर्धन व जरूरतमंद के साथ वर व कन्या के अभिभावक उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हो। शैक्षिक रिकाॅर्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र व मनरेगा जाबकार्ड में कन्या की आयु 18 व वर की आयु 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। बीपीएल कार्डधारक हो या वार्षिक आय सीमा दो लाख रुपये तक ही होनी चाहिए। जिसका आय प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य होगा।