ज्ञानपुर। 12 मई को होने वाले मतदान से पूर्व मतदान कार्मिकों का दूसरा प्रशिक्षण शुक्रवार से विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में शुरू हो जाएगा। प्रशिक्षण को सकुशल संपन्न कराने के लिए विभागों की ओर से बृहस्पतिवार शाम तक सुविधाएं उपब्लध कराई गईं। पेयजल, ईवीएम, प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। चुनाव में लगने वाले कर्मचारियों को मतदान करने के लिए फैसीलिटेशन सेंटर भी शुरू हो जाएगा।
छठवें चरण में 12 मई को जिले में मतदान होना है। चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए छह हजार मतदान कार्मिक, पीठासीन अधिकारी को चयनित किया गया है। करीब 10 दिन पूर्व प्रथम चरण में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। अब मतदान से पूर्व उन्हें दूसरा एवं अंतिम प्रशिक्षण तीन से छह मई तक दिया जाएगा। दोनो पालियों में चलने वाले प्रशिक्षण की तैयारी को पूर्ण कर लिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी ज्ञानपुर, शिक्षा विभाग और जल निगम के अधिकारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में लगे रहे। वहीं दूसरी ओर पोस्टल बैलेट और ईडीसी (इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट) के माध्यम से मतदान कार्मिकों के मतदान के लिए विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में फैसीलिटेशन सेंटर की स्थापना की गई है। तीन से छह मई तक यह चालू रहेगा। मतदान कार्मिक काउंटर पर जागकर अपने मत का प्रयोग पोस्टल बैलेट से कर सकेगा।