गोपीगंज। बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए प्रैक्टिकल दिखाना जरूरी होता है। समय और सोच व्यक्ति के लिए बहुत जरूरी है। समय से काम करना और अच्छी सोच की कल्पना कर उसको पूरा करना ही मुख्य उद्देश्य है। यह बातें बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय लालानगर में ग्लोब वितरित करते हुए ओबीटी कंपनी के उप डायरेक्टर इंद्रबली सिंह ने कही। वहीं क्षेत्र के 50 विद्यालयों को ग्लोब भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि ओबीटी कंपनी ने गोपपुर गांव को गोद लेकर हर घरों में शौचालय और सोलर लाइट से आच्छादित कर मिसाल पेश की। आगे भी सुविधाओं से वंचित गांवों को चिह्नित कराकर सुविधाएं दी जाएगी। इसके पहले कंपनी के मैनेजर आलोक राय ने कहा कि ओबीटी कंपनी हमेशा इसी तरह की योजनाएं चला कर लोगों को लाभ पहुंचा रही है। ग्लोब पर चर्चा करते हुए कि बच्चों को देश-दुनियां की जानकारी अंकित नक्शे से मिलेगी। इसी तरह स्वच्छता अभियान, आयुष्मान योजनाओं की सराहना की गई। इस मौके पर चंद्रशेखर, केदार पाठक सहित प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं व स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।