नईबाजार। नईबाजार नगर पंचायत द्वारा सोमवार को नगर के सभी वार्डों में डस्टबिन का वितरण किया गया। ईओ सोनल जैन ने स्वयं वार्डों में डस्टबिन देकर लोगों से स्वच्छता में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि शासन का स्वच्छता अभियान हमारे फायदे के लिए है। इस बीच आज ही क्वालिटी काउन्सिल आफ इंडिया की टीम ने नगर पंचायत के ओडीएफ होे की हकीकत की जांच की। टीम के सदस्य मंगलवार को भी नगर में रहेंगे।
ईओ ने बताया कि शासन के निर्देश पर 20 लीटक क्षमता वाला डस्टबिन 600 पीस तथा 60 लीटर क्षमता वाला डबल सेट सूखा व गिला वाला 100 डस्टबिन लोगों को दिए गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान से नगर साफ और निरोग रहेगा। उन्होंने कई मोहल्लों के लोगों से खुद संपर्क कर नगर को साफ सफा रखने में सहयोग मांगा।
इस बीच ओडीएफ होने न होने की सच्चाई की जांच करने आए टीम के सदस्यों ने कई वार्डों में शौचालय व्यवस्था की जांच की। उन्हें ईओ ने बताया कि नगर क्षेत्र के सभी घरों में अपना शौचालय है। जबकि बाहर से आने वाले राहगीरों के लिए समुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा चुका है जिससे शहर ओडीएफ हो चुका है।
टीम के कौशलेंद्र यादव ने बताया कि सरकार स्वच्छता पर भारी भरकम धन खर्च कर रही है। ऐसे में यह भी सुनिश्चित करना है कि इस योजना का शत प्रतिशत लाभ लोगों को मिले। उन्होंने कहा कि कूड़े दान वितरण के बाद लोगों को कूड़ा डस्टबिन में ही डालने की आदत बनानी होगी। बताया कि मंगलवार को वार्डों में जाकर जांच करेंगे जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी योगेश मिश्र, संतराम यादव भी मौजूद थे।