लालानगर। गोपीगंज नगर में ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते उड़ रही धूल के गुबार से व्यापारियों और नागरिकों का सांस लेना दूभर हो गया है। पानी का छिड़काव नहीं होने से दिनभर उड़ती धूल के गुबार से सबसे ज्यादा व्यापारी और स्थानीय लोग प्रभावित हैं। कार्यदायी संस्था की इस लापरवाही से आजिज लोग धूूल से बचने के लिए खुद ही पानी का छिड़काव करने को मजबूर हो गए हैं।
नगर में ओवरब्रिज निर्माण के दौरान कार्यदायी संस्था की ओर से पानी का छिड़काव नहीं करने से उड़ रही धूल लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों से कई बार पानी का छिड़काव कराने की मांग की गई, लेकिन उन्हें कोई असर नहीं पड़ा। इससे वाहनों के आने जाने पर दिनभर उड़ रही धूल के गुबार से सांस लेना दुभर हो गया है। इसके चलते लोग दमा समेत अन्य बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। निर्माण कार्य में लगी कार्यदायी संस्था की इस लापरवाही से नाराज व्यापारियों और नागरिकों ने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ठ कराते हुए नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है। पप्पू जायसवाल, राजेश पाल, गोब्बर गुप्ता, राकेश विश्वकर्मा, फिरोज समेत अन्य व्यापरियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो व्यापारी सड़क पर उतरने को बाध्य हो जाएंगे।