ज्ञानपुर। निकाय चुनाव के लिए एक नवंबर से शुरू नामांकन की प्रक्रिया के तीसरे दिन शुक्रवार को नामांकन का श्रीगणेश हो गया। सुरियावां नगर पंचायत से दो उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। जबकि वार्डों में सभासद पद के कुल 24 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इस दौरान पर्चा खरीदने का सिलसिला चलता रहा।
निकाय चुनाव के दूसरे चरण में आगामी 26 नवंबर को भदोही जिले में होने वाले चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया ने जोर पकड़ा। दो दिनों तक केवल नामांकन पत्रों की बिक्री के बाद तीसरे दिन शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने का दौर शुरू हुआ। भदोही और गोपीगंज नगर पालिकाओं में अध्यक्ष के लिए एक भी नामांकन नहीं हुआ। साथ ही ज्ञानपुर, घोसिया, खमरिया और नई बाजार नगर पंचायतों में भी अध्यक्ष के लिए नामांकन का खाता तीसरे दिन भी नहीं खुला। लेकिन, सुरियावां नगर पंचायत में दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सुरियावां के निर्वाचन अधिकारी अमिताभ रंजन दास के मुताबिक शुक्रवार को लालता और मंजू ने अध्यक्ष के लिए नामांकन किया। सभासद पद के लिए विभिन्न नगर निकायों में कुल 24 नामांकन हुए। गोपीगंज नगर पालिका में छह, ज्ञानपुर नगर पंचायत में दो, खमरिया में 10, सुरियावां में तीन और घोसिया नगर पंचायत में एक नामांकन हुआ। नई बाजार नगर पंचायत में सदस्य के दो नामांकन हुए।