ज्ञानपुर। जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें डीएम ने उद्यमियों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराने का निर्देश अफसरों को दिया। बैठक में अनुपस्थित अधिशासी अभियंता आरईएस और सेतु निगम को नोटिस जारी किया गया। जोरईं में आवंटित भूखंडों को निरस्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया।
बैठक में उद्यमियों ने विद्युत समस्याओं को लेकर अवगत कराया तो डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि औद्योगिक क्षेत्रों में शासन से निर्धारित रोस्टर के अनुरूप उद्यमियों को विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, साथ ही यह भी हिदायद दी कि विद्युत ट्रिपिंग व्यवस्था में समुचित सुधार लाएं। अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने जोरई गांव स्थित मिनी औद्योगिक केंद्र, ज्ञानपुर में आवंटित भूखंडों के भवन निर्माण कर उद्योग स्थापित किए जाने के संबंध में कहा कि जिन उद्यमियों ने निर्माण नहीं किया है तो उनके भूखंड निरस्त कर नए उद्यमियों को आवंटित किया जाए। डीएम ने भदोही कस्बे में रेवड़ा परसपुर फाटक के पास गड्ढे़ को तत्काल भरने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, डॉ. एसके शुक्ला समेत कई उद्यमी मौजूद रहे।