कोतवाली क्षेत्र के कार्पेट सिटी स्थित एक काती मिल में बृहस्पतिवार की रात दो बजे भीषण आग लग गई।
आग पर काबू पाने के लिए पांच जिलों से दमकल की 8 गाड़ियां मंगानी पड़ीं। पांच घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने शुक्रवार सुबह सात बजे आग पर काबू पाया।
आग बुझाने लिए जिले की तीन और पड़ोसी जिले की पांच दमकल गाड़ियां लगाई गई थी। आग लगने से मिल मालिक को आठ करोड़ का नुकसान हुआ है। कंपनी में फायर हाईड्रेंट मशीन लगी थी, लेकिन बचाव कार्य के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। पानी भी खत्म हो गया। इससे आग बुझाने में परेशानी हुई। भदोही निवासी अनिल जायसवाल की कार्पेट सिटी में एक्स्पो मार्ट के ठीक सामने काती मिल है। वे शाम को घर चले गए थे। मिल में रात में कर्मचारी काम कर रहे थे। इसी बीच रात करीब दो बजे मिल की मशीन में शाॅर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप से धारण कर लिया। मिल के मालिक अनिल ने बताया कि रात दो बजे उन्हें कंपनी के गार्ड ने फोनकर आग लगने की जानकारी दी।
वे रात में ही चार किमी दूर आवास से मिल पहुंचे। कंपनी के कर्मचारी फायर हाईड्रेंट से आग बुझाने में जुटे रहे। उन्होंने आग के विकराल रूप को देखते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी। कर्मचारी आग बुझा रहे थे बीच बिजली गुल हो गई। इससे बचाव कार्य बाधित हो गया। आग का दायरा बढ़ता गया। बिजली आने पर कर्मचारी फिर से आग बुझाने में जुट गए। पानी खत्म होने से फिर बचाव कार्य रुक गया। मौके पर जिले के अग्निशमन विभाग की तीन दम गाड़ियां पहुंच गई थी। कंपनी में बड़ी मात्रा में काती होने से आग का दायरा बढ़ता गया।
हालात बेकाबू होते देख अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी और जौनपुर अन्य पड़ोसी जिले से दमकलगाड़ियां बुलाई गईं। आग बुझाने के लिए पांच जिलों की आठ दमकल गाड़ियां लगाई गईं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। कंपनी मालिक के अनुसार, मिल में शाॅर्ट सर्किट होने आग लगी थी। आग लगने से करीब साढ़े पांच करोड़ का तैयार माल, दो करोड़ की मशीन और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। बताया कि करीब आठ करोड़ का नुकसान हुआ है।