ज्ञानपुर। लॉकडाउन के बीच विभिन्न महानगरों और प्रांतों से आने वाले प्रवासियों में अब तक 72 की रिपोर्ट नहीं आ सकी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को लैब से जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 28 प्रवासियों की स्वैब जांच के लिए भेजा गया।
कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर 24 मार्च से ही देश लॉकडाउन है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, कानपुर जैसे महानगरों संग राजस्थान से पैदल एवं वाहनों से घरों को लौटे। कोरोना संक्रमण न फैले, इसलिए जिले में चार स्थानों पर प्रवासियों को क्वारंटीन किया गया। चरणबद्ध तरीके से सभी क्वारंटीन प्रवासियों की स्वैब जांच के लिए बीएचयू भेजा गया। नेशनल इंटर कॉलेज के शेल्टर होम में एक प्रवासी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया और वहां के सभी 134 लोगों की स्वैब जांच के लिए भेजा गया। यहां पर आठ की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई जबकि 126 में एक पॉजिटिव और 125 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 28 लोगों की स्वैब जांच के लिए भेजी गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो शनिवार तक कुल 271 लोगों की स्वैब जांच के लिए भेजा जा चुका है, जबकि 199 की रिपोर्ट आ चुकी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि प्रतिदिन 25 से 30 लोगों की स्वैब जांच के लिए भेजा जा रहा है। एक की रिपोर्ट छोड़कर सभी की निगेटिव आ रही है, हालांकि हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।