गोपीगंज। ओवरलोड वाहनों के कारण नगर क्षेत्र में नाली का रूप धारण कर जानलेवा बन चुके हाईवे के सुदृढ़ीकरण की मांग और एनएचएआई की ओर से बरती जा रही लापरवाही के खिलाफ राजमार्ग पर उतरे नागरिकों ने बृहस्पतिवार को विरोध-प्रदर्शन करते हुए प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही चेतावनी देते हुए एक सप्ताह में सड़क के न सुधरने पर मुख्यालय घेरने की चेतावनी दी।
पिछले वर्ष से फोरलेन राजमार्ग को सिक्सलेन में बदलने के लिए युद्घ स्तर पर कार्य कराया जा रहा है। ओवरब्रिज, अंडरपास, नाला निर्माण के चलते सर्विस लेनों से ही आवागमन कराया जा रहा है। असहनीय धूप और गर्मी के कारण डामरयुक्त लेन पर दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों का दबाव अधिक हो जाने से लेन की सड़क जगह-जगह नाली के रूप में तब्दील हो गई है। जो गंभीर हादसों को दावत दे रही है। लगभग 60 किमी से अधिक लंबाई वाले राजातालाब-हंडिया खंड पर औराई, माधोसिंह, लालानगर, मिर्जापुर तिराहा-गोपीगंज, बड़ा चौराहा-गोपीगंज, पड़ाव क्षेत्र, कौलापुर, जंगीगंज-धनतुलसी तिराहा, वहिदानगर तिराहा, कलिंजरा मोड़, ऊंज थाने के सामने, कौलापुर से गोपपुर सहित अन्य स्थानों पर सड़क पूरी तरह से ऊबड़-खाबड़ होकर छोटे-बड़े वाहनों के लिए काल बनती जा रही है। इस बाबत दर्जनों बार लोगों ने प्राधिकरण और कार्यदायी संस्था को अवगत कराकर दुरुस्त कराने की मनुहार बेकार साबित हुई। चेतावनी देते हुए प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क की दशा न सुधर सकी तो वह शीघ्र ही मुख्यालय का घेराव करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र कुमार, नट्टे, करिया, दिनेश, राजू समेत बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहे।