सुरियावां। क्षेत्र के राजस्व गांव बलीपुर का पोलिंग बूथ बस्ती से दो किलोमीटर दूर कर दिए जाने से मतदाताओं में नाराजगी है। ग्रामीणों ने बूथ निर्धारण में लगे राजस्व कर्मियों की मनमानी की जांच कराकर कार्रवाई और बूथ को नजदीक करने की मांग निर्वाचन अधिकारी से की है। चेतावनी देते हुए ग्रामीणों ने कहा है कि बूथ नजदीक न हो सका तो वह मतदान करने नहीं जाएंगे।
गांव निवासी हरिश्चंद्र सिंह, हौसिला, राजकुमार, धर्मराज, अशोक कुमार, राकेश सिंह, देवीदीन, कमला आदि का आरोप है कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय बलीपुर में मर्दनशाहपुर के लिए बूथ संख्या 117 बनाया गया है। लेखपाल ने लापरवाही बरतकर बलीपुर के बूथ को दो किमी दूर पूरेबदल में बूथ संख्या 119 बनवा दिया है। बुधवार को मतदान पर्ची मिलते ही मतदाताओं में बूथ दो किमी दूर होने को लेकर रोष छा गया। लोगों का कहना है कि प्रचंड धूप और गर्मी में बूथ तक पहुंच पाना कठिन साबित होगा। मतदाताओं ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर बूथ को नजदीकी मतदान से जोड़ने की मांग की है।