औराई। क्षेत्र के दिघवट गांव में गलत तरीके से कोटे की दुकान आवंटन होने का आरोप लगाते हुए सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं विकास खंड कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान प्रदर्शन के बाद बीडीओ को मांगपत्र सौंपकर पुन: खुली बैठक कराने और नियमानुसार दुकान का आवंटन कराने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गांव में कोटे की दुकान कई माह से खाली चल रही थी। काफी उठापटक के बीच गत 24 जनवरी को हलका लेखपाल, एडीओ पंचायत और ग्राम विकास अधिकारी की देखरेख में खुली बैठक संपन्न कराई गई, जहां पांच लोगों ने आवेदन भी किया था। अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण प्रभावशाली व्यक्ति के पक्ष में निर्णय लेकर दुकान का आवंटन करा दिया गया। मनमानी और एक पक्षीय कार्रवाई पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए एसडीएम औराई और जिलाधिकारी को भी मामले से अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। पुन:विरोध जताते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को ब्लाक कार्यालय पहुंच धरना-प्रदर्शन कर बीडीओ से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में हरिनाथ पटेल, सूरजलाल, लालचंद पटेल, रामकुमार बिंद, आनंद कुमार, सरोजा देवी, कमला पटेल, विजय शंकर, किशोरीलाल, जड़ावती देवी, अभिषेक कुमार, योगेश कुमार सहित बडी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।